तोशाम(भिवानी)। पुलिस टीम ने गश्त के दौरान भिवानी मार्ग बाईपास के पास से जींद जिले के तीन युवकों को अवैध पिस्तौल व 5 कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ अवैध हथियार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार एक टीम भिवानी मार्ग पर बाईपास के नजदीक गश्त पर थी। उसी समय एक बाइक पर सवार तीन युवक को रुकने का इशारा किया, लेकिन तीनों भागने लगे। टीम ने उनको किसी तरह रुकवाकर जब उनकी तलाशी ली तो उनके पास से अवैध पिस्तौल और 5 कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान जींद जिले के गांव बड़नपुर निवासी सोमबीर, भीखेवाला निवासी अजय व तीसरे ने दनोदा निवासी विक्रम बताई।
हत्या के आरोपी भी हैं तीनों
सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी के इंचार्ज निरीक्षक योगेश कुमार ने बताया कि तीनों आरोपी एक मार्च को दनोदा में सुशील उर्फ सिल्लू की गोली मारकर हत्या करने के बाद फरार चल रहे थे। आरोपियों पर पहले से ही कई केस दर्ज हैं। एएसआई बलजीत के नेतृत्व में टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।