भिवानी। राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर युवाओं के अंदर सामाजिक और देशभक्ति की भावना पैदा करते हैं। एनएसएस का एकमात्र उद्देश्य युवा छात्रों को समुदाय सेवा प्रदान करने में अनुभव प्रदान करना है। यह बात वैश्य महाविद्यालय भिवानी की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एक के अंतर्गत हनुमान ढाणी स्थित हनुमान मंदिर में चल रहे शिविर में स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि इंडियन ओवरसीज बैंक के अधिकारी रोहित एवं जयपाल यादव ने कही।
सात दिवसीय शिविर का आयोजन प्राचार्य डॉ. संजय गोयल के नेतृत्व एवं एनएसएस इकाई एक की प्रभारी डॉ. कामना कौशिक की देख रेख में चल रहा है। छठे दिन शिविर का शुभारंभ अधिकारी रोहित एवं जयपाल यादव, वैश्य महाविद्यालय भिवानी के वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. पवन गुप्ता, महाविद्यालय की एनएसएस इकाई एक की प्रभारी डॉ. कामना कौशिक ने किया। बैंक अधिकारियों ने स्वयंसेवकों को बैंकों के माध्यम से क्रियान्वित केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं आयुष्मान भारत, स्टार्टअप, एमएसएमई व ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी पर व्याख्यान दिया।
उन्होंने बताया कि एमएसएमई योजना का मुख्य उद्देश्य एक ऐसी पूर्ण पारिस्थितिकी को संपोषित करना है जो प्रौद्योगिकीय दृष्टि से कमजोर एमएसएमई और तकनीकी संस्थानों दोनों को लाभ पहुंचाती है। उन्होंने बताया कि बैंकों के माध्यम से दिए जाने वाले प्रशिक्षण में वर्तमान समय की जरूरत के अनुरूप ऐसी ट्रेनिंग दी जाती है।
शिविर की संयोजिका एवं एनएसएस इकाई एक की प्रभारी डॉ. कामना कौशिक ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि केंद्र व प्रदेश में सरकार के द्वारा अनेक प्रकार की योजनाएं लाई जा रही हैं, ताकि युवा स्वावलंबी हो सके।
महाविद्यालय के वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. पवन गुप्ता ने सुजोक थेरेपी एवं स्टार्ट अप विषय पर अपना व्याख्यान दिया। शिविर में स्वयंसेवकों को युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय द्वारा पहली बार वोट डालने वाले युवा मतदाताओं के लिए चलाए जा रहे मेरा पहला वोट देश के लिए अभियान के तहत शपथ दिलवाई गई। शिविर में सत्संग के माध्यम से आध्यात्मिक ज्ञान की प्राप्ति के लिए शोध कार्यक्रम चलाया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति अवॉर्डी अशोक भारद्वाज, कार्यालय अधीक्षक कमल भारद्वाज, आयुष गोयल, सतीश शर्मा, सिंधु एवं महाविद्यालय स्टाफ व एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।