सिंगीकाट बस्ती में आग लगने से जला कबाड़।
भिवानी। बेटी की शादी और बीमार मां के इलाज के लिए तीन साल से इकट्ठा किए गए प्लास्टिक कबाड़ में दिवाली की रात आग लगने से सब खाक हो गया। हादसा रात लगभग दो बजे हुआ। पीड़ित सूरज कुमार ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। सिंगीकाट समाज के प्रधान संजय और अन्य लोगों ने भी घटना की जांच की मांग करते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
शहर के बावड़ीगेट सिंगीकाट बस्ती निवासी सूरज कुमार ने बताया कि परिवार सो रहा था कि तभी करीब दो बजे पड़ोसियों ने आग की सूचना दी। बस्ती के सभी लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। डायल 112 पर सूचना देने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दमकल की गाड़ी बुलाई। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया लेकिन तब तक प्लाॅट में रखा अधिकांश प्लास्टिक का कबाड़ जलकर खाक हो चुका था।
सूरज और उनकी पत्नी ने बताया कि पिछले तीन साल से वे प्लाॅट में कबाड़ जमा कर रहे थे जिसे दिवाली के बाद बेचकर बेटी की शादी और मां के इलाज में उपयोग करना था। प्लाॅट में करीब चार टन प्लास्टिक कबाड़ रखा था जिसकी कीमत ढाई लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है। सूरज कुमार ने कहा कि यह किसी पटाखे की चिंगारी या किसी के जानबूझकर आग लगाने से भी हो सकता है।
सिंगीकाट समाज के प्रधान संजय ने इसे गरीब परिवार के लिए बड़ी दुखद घटना बताया। पीड़ित परिवार की मदद के लिए जिला प्रशासन को सूचित किया गया है और मामले की जांच के लिए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है।