भिवानी। पंजाब से दिल्ली कूच के लिए आने वाले किसानों को रोकने के लिए कस्बा मुंढाल के समीप पिपला पुल पर भिवानी पुलिस की आठ कंपनियां तैनात की गई हैं। वहीं थ्री लेयर बैरिकेडिंग कर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला व उपायुक्त नरेश नरवाल ने अधिकारियों के साथ नाका पर पहुंचकर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।
दरअसल, किसानों के दिल्ली कूच को लेकर जिलाधीश धारा 144 लागू करने के साथ हालातों पर निगरानी के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त कर चुके हैं। किसानों का दिल्ली कूच को लेकर प्रदेश के अनेक जिलों में इंटरनेट सेवाएं बंद हो चुकी हैं। वहीं हाईवे सुरक्षा छावनी में तबदील हो गए हैं। इसी को लेकर भिवानी भी अब अछूता नहीं रहा है। भिवानी पुलिस ने गांव बास के समीप पिपला पुल पर पंजाब से आने वाले किसानों को रोकने के लिए मल्टी लेयर नाका लगाया है। तीसमें तीन तरह के अवरोध लगाए गए हैं। मौके पर आठ सुरक्षा कंपनियां भी तैनात की गई हैं। जो नाके पर चौबीसों घंटे निगरानी रखेंगी। हालांकि आसपास के गांवों में पंजाब से आने वाले किसानों के लिए लंगर की तैयारियां भी चल रही हैं।
दिन के बजाय रात के समय किसानों के काफिले के आने का अंदेशा है। इसको लेकर पुलिस प्रशासन ने पहले ही रूट डायवर्ट भी किया है। वहीं दूसरे राज्यों से आने जाने वाले माल ढुलाई वाहनों का आवागमन भी हाईवे पर बाधित हो गया है। हाईवे के बीच रास्तों में पड़ने वाले ढाबा और रेस्टोरेंट पर भी माल ढुलाई वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। जिन्हें आगे जाने का रास्ता भी नहीं मिल रहा है।
हाईवे पर भारी भरकम कंटेनर, कीलों से अवरुद्ध भी लगाए
एनएच-9 पर मुंढाल के समीप भिवानी पुलिस ने मल्टीलेयर सुरक्षा नाके पर भारी भरकम कंटेनर और कीलों से अवरुद्ध लगाए हैं। कुछ हिस्से को खोदा भी गया है। इससे की कोई भी आगे न बढ़ पाए। वहीं नाके पर सुरक्षा के जवान मोर्चा संभाले हुए हैं। पुलिस अधिकारियों के साथ नाके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की परिस्थिति से निपटने के लिए तुरंत निर्णय ले सके।
ड्रोन और सीसीटीवी से हो रही निगरानी, इंटरनेट सेवाएं भी आंशिक प्रभावित
भिवानी पुलिस ने मल्टी लेयर सुरक्षा नाका लगाने के साथ-साथ हाईवे के आसपास के इलाके पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी शुरू कर दी है। नाके को अस्थायी पुलिस छावनी में बदला गया है। यहीं पर सुरक्षा जवानों के लिए खाने और ठहरने की भी व्यवस्था की गई है। वहीं लगातार नाके पर चौबीसों घंटे निगरानी हो रही है।
सोशल मीडिया और अफवाहों पर भी पुलिस की पैनी नजर
जिला पुलिस किसानों के दिल्ली कूच को लेकर सोशल मीडिया और अफवाह फैलाने वालों पर भी पैनी नजर बनाए हुए हैं। इसी के साथ पुलिस आसपास के गांवों में किसान संगठनों से भी लगातार संपर्क कर उन्हें शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग की अपील कर रही है। हालांकि किसी भी तरह की आपात स्थिति में मदद के लिए डायल 112 की टीम को भी अलर्ट रखा है।
भिवानी पुलिस ने मुंढाल के पास एनएच-9 पर नाका लगाया है। नाके पर मैंने खुद पहुंचकर वहां पर प्रबंधों का जायजा लिया है। किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस तैयार है। वाहनों का रूट डायवर्ट किया गया है। वहीं आम लोगों से भी अपील की जा रही है कि कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। भिवानी के किसान संगठन दिल्ली कूच में शामिल नहीं हैं। ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई होगी।
-वरुण सिंगला पुलिस अधीक्षक भिवानी।