भिवानी। कर्ज और उधार देने वाले लोगों के दुर्व्यवहार से तंग आकर आत्महत्या करने वाले बवानीखेड़ा के युवा भाजपा नेता हरीश गुलाटी उर्फ हन्नी ने तीन दिन पहले भी गोलियां खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था, हालंकि उस समय उन्हें बचा लिया गया था।
मृतक के भाई साहिल ने बताया कि हरीश युवाओं से रुपये लेकर नौकरी लगवाने के चक्कर में कर्जदार हो गया था। पिता भाजपा नेता कृष्ण लाल उर्फ बिट्टू गुलाटी की मौत के बाद हरीश कुलदीप बिश्नोई का नजदीकी रहा और फिर भाजपा से जुड़ गया। सोशल मीडिया पर उसने कई पोस्ट डाले हैं। हरीश पर ढाई से तीन लाख की देनदारी थी। कर्जदार इसके लिए दबाव बना रहे थे। पिछले कुछ दिनों से धमकियां मिल रही थीं। सोमवार को हरीश के जहर खाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया तो कुछ कर्जदार वहां आए और वीडियो बनाकर कहा कि यह ड्रामा कर रहा है। संवाद
दो पेज के सुसाइड नोट में लिखा
मैं हरीश गुलाटी उर्फ हन्नी गुलाटी पुत्र कृष्ण लाल उर्फ बिट्टू गुलाटी निवासी बवानीखेड़ा। आज जहरीला पदार्थ खा आत्महत्या कर रहा हूं। इसके जिम्मेवार मेरे परिवार, भाई साहिल, माता किरण, पत्नी काजल व बच्चे नक्ष, जिवांश, गीतू पत्नी साहिल में से कोई नहीं है। मैं खुद कर्जदार होने की वजह से परेशान हूं। इस कारण ऐसा कदम उठा रहा हूं। कर्ज देने वालों ने बहुत परेशान कर रखा है। जिस कारण हमारा घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। बार-बार धमकियां मिल रही हैं। झूठा केस दर्ज कराकर जेल कराने की कोशिश भी की जा रही है। मानता हूं कि कर्ज लेकर गलती कर दी और अब मैं कर्ज चुकाने में असमर्थ हूं। कर्ज मांगने वाले केके गौरिया, नकुल गौरिया, पिंटू, सोनू, सीमा के कारण मैं ऐसा करने को मजबूर हूं। नकुल से तो हाथापाई भी हुई। पिछले कुछ दिनों में कुछ बच्चाें का भला करके मैंने उन्हें मेरे आफिस में जॉब दिलवाई। फिर वह कहने लगे कि पैसा लेकर कुछ और लोगों की जॉब लगवा दो। उन लड़कों और मैंने कुछ पैसे लिए। इनमें निशांत बवानीखेड़ा, गोविंद बवानीखेड़ा, प्रिंस, सुशील, सुमित, आदि लड़के शामिल हैं। अब ये सब मुझे बार-बार फोन पर, कभी ऑफिस आकर, कभी घर पर आकर धमकी दे रहे हैं। पैसा खाने वालों में मैं स्वयं, रमेश टुटेजा, गोविंद वर्मा और सुमित शामिल हैं। इन सबके लिए मैं माफी मांगता हूं। ऐसा करने के लिए ये सब धमकी देने वाले जिम्मेदार हैं।
सुसाइड नोट में भाई और बहन से की अपील
हरीश गुलाटी ने अपने सुसाइड नोट में भाई साहिल और माता किरण व बहन हीना से निवेदन किया है कि मेरे बाद मेरी पत्नी काजल और दो बच्चे नक्ष और जिवांश को संभाल लें और उनका ध्यान रखें। जो भी मेरे हिस्से में जमीन आती है वह मेरी पत्नी व मेरे बच्चों के नाम कर दी जाए।
भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर लगाया जाम
मंगलवार सुबह पुलिस ने नागरिक अस्पताल में हरीश के शव का पोस्टमार्टम कराया। उसी समय परिजनों ने गुरुद्वारा के पास भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर करीब दो घंटे बाद रास्ता खुलवा दिया लेकिन परिजनों ने शव उठाने से भी इन्कार दिया। हालांकि पुलिस की ओर से 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने पर परिजन शव लेने को राजी हुए।
हरीश की पत्नी की शिकायत पर 11 नामजद के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने सुसाइड नोट भी कब्जे में लिया है। मामले की जांच जारी है।
- एएसआई विजय कुमार, जांच अधिकारी, बवानीखेड़ा थाना।