हिसार। थाना आजाद नगर पुलिस ने वीरवार को ऑनलाइन सोशल नेटवर्किंग एप के माध्यम से युवक को झांसे में लेकर मारपीट, ब्लैकमेल और लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीने गए तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गांव शेरड़ा निवासी काशीराम की शिकायत पर थाना आजाद नगर में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में बताया गया कि ऑनलाइन एप के माध्यम से संपर्क होने के बाद उसे चौधरीवास गोशाला मोड़ के पास मिलने के लिए बुलाया गया। वहां एक आरोपी उसे सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसके साथियों ने मारपीट कर उसका मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल की चाबी और नकदी छीन ली।
आरोपियों ने युवक की अश्लील वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी और एक लाख रुपये की मांग की। इसके बाद भी आरोपी फोन कर उसे लगातार धमकाते रहे।
इन आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में भिवानी जिले के गांव बड़वा निवासी अभय, मांगे राम उर्फ ककर और राहुल उर्फ बच्ची को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में छीने गए तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।