भिवानी। सीआईए प्रथम भिवानी की टीम ने सरल निवासी राहुल की हत्या मामले मेें तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल कर पूछताछ शुरू कर दी है।
तोशाम पुलिस थाना में गांव सरल निवासी शमशेर ने शिकायत दी थी। जिसमें शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि 27 मई 2025 को मोटरसाइकिल पर अपने बेटे राहुल के साथ गांव सरल से गांव स्याहड़वा जा रहा था। रास्ते में गांव गारनपुरा कलां के पास पहुंचने पर पीछे से मोटरसाइकिल व कार सवार आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और फिर लाठी-डंडों से उनके बेटे राहुल को जान से मारने की नीयत से चोट मारी थी। इलाज के लिए बेटे राहुल को निजी अस्पताल हिसार में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान राहुल की मृत्यु हो गई थी।
इस संबंध में तोशाम पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया था। वीरवार को सीआईए प्रथम भिवानी के उप निरीक्षक आनंद कुमार ने राहुल हत्या मामले में तीन आरोपियों को पपोसा से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सचिन निवासी पिंजोखरा, राकेश निवासी पिंजोखरा व राहुल निवासी सयाहडवा जिला हिसार शामिल है। पुलिस ने आरोपियों का न्यायालय से दो दिन का पुलिस रिमांड लिया है। इस दौरान उससे पूछताछ की जा रही है।