भिवानी। गांव कितलाना के सन्नी हत्याकांड में सदर पुलिस ने मंगलवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में कितलाना निवासी चिंटू और प्रवीण, खरड़ अलीपुर हिसार निवासी मोहित शामिल हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करके दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार मुख्य आरोपी कुलदीप को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। गांव कितलाना निवासी सूरज ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 27 सितंबर को उसके भाई सन्नी ने पड़ोस में कुलदीप के घर पर ऊंची आवाज में डीजे बजाने पर आवाज धीमी करने के लिए कहा था। इसी दौरान कुलदीप और सन्नी के बीच कहासुनी हो गई जिसे परिवार के लोगों ने शांत करवा दिया। शाम को जब सन्नी दुकान से घर लौट रहा था तो कुलदीप ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उस पर जान से मारने की नियत से हमला कर दिया। घायल सन्नी को जिला नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर पुलिस थाना के जांच अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी कर रही है।