भिवानी। पंचकूला की घटना के बाद सरकारी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर शिक्षा विभाग और प्रशासन हरकत में आ गया है। पीएमश्री और मॉडल संस्कृति स्कूलों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था है, लेकिन प्राथमिक पाठशालाओं में सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम तक अधूरे हैं।
इन स्कूलों मे कहीं चहारदीवारी जर्जर है तो कहीं भवन खंडहर में तब्दील हो चुके हैं। अब प्रशासनिक अधिकारी स्कूलों का निरीक्षण कर सुरक्षा संबंधी खामियों की पड़ताल करेंगे।
फिलहाल बुधवार को प्रदेश भर के सभी जिलों के शिक्षा अधिकारी और स्कूल मुखिया, हेडमास्टर एवं प्राचार्य वेबिनार के माध्यम से राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम में जुड़कर स्कूलों के अंदर बच्चों की सुरक्षा संबंधी पहलुओं के नवीनतम तौर तरीकों से रूबरू होंगे। इसमें शिक्षा अधिकारियों से लेकर स्कूल मुखिया के तौर पर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े किन पहलुओं पर स्कूल में ध्यान दिया जाना है और क्या प्रबंध करने हैं, इस पर चर्चा होगी।
भिवानी जिले में 1147 सरकारी विद्यालय हैं। इनमें 702 अपर प्राइमरी और 445 प्राइमरी विद्यालय शामिल हैं। इनमें से अधिकांश सरकारी स्कूलों में सीसीटीवी के अलावा बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण खामियां भी सामने आ चुकी हैं, मगर इन्हें दूर करने की दिशा में अभी तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
25 से अधिक स्कूलों के भवन जर्जर : जिले के करीब 25 से अधिक सरकारी स्कूलों के भवन जर्जरहाल में हैं। इन स्कूलों के पुराने भवन तोड़ने की नीलामी तो करा दी है, मगर नए भवन निर्माण की प्रक्रिया फिलहाल टेंडर में ही उलझी है।