भिवानी। मिनी क्यूबा के होनहार वुशू खिलाड़ी युवराज बामणिया ने तमिलनाडु के चेन्नई में आयोजित 25वीं जूनियर नेशनल वुशू चैंपियनशिप में शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। सेमीफाइनल में राजस्थान के खिलाड़ी को पराजित कर फाइनल में जगह बनाने वाले युवराज ने खिताबी मुकाबले में दिल्ली के खिलाड़ी को शिकस्त देकर स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी इस सफलता से राष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर मिनी क्यूबा भिवानी का डंका बजा है और पूरे हरियाणा का मान बढ़ा है।
युवराज के पिता एवं कोच भारत सूरजभान ने बताया कि यह स्वर्णिम उपलब्धि युवराज की वर्षों की कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति अटूट लगन का परिणाम है। युवराज ने प्रतियोगिता के पहले मुकाबले से ही बेहतरीन तकनीक, आत्मविश्वास और खेल भावना का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि युवराज की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि भिवानी की मिट्टी में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यहां के खिलाड़ी सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं।