भिवानी। साइबर अपराध थाना पुलिस ने वजन कम करने की दवाई ऑनलाइन मंगवाने के नाम पर धोखाधड़ी के तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान सेक्टर 26 द्वारका दिल्ली निवासी विकास के रूप में हुई है। पुलिस इस मामले के दो आरोपी संजय और ललित को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
नगर निवासी मोहित ने ऑनलाइन विज्ञापन देखा था। इसमें वजन कम करने के बारे में बताया गया था। उन्होंने विज्ञापन में दिए गए फोन नंबर पर बात की तो आरोपी ने खुद को वेदराज आयुर्वेदिक संस्थान का डॉ. विकास बताया था। आरोपियों ने उससे कई नाम के डॉक्टर के नाम से कई बार फोन करके वजन कम करवाने के नाम पर कुल 98,000 रुपये की धोखाधड़ी की थी। इसी मामले में कार्रवाई कर साइबर अपराध थाना पुलिस के मुख्य सिपाही रफीक ने एक आरोपी को से गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथी ललित और संजय के साथ मिलकर वर्ष 2017-18 से धोखाधड़ी शुरू की। इसके लिए वेदराज आयुर्वेदिक संस्थान के नाम से कार्यालय खोलकर ऑनलाइन विज्ञापन दिया जाता था। इसमें लोगों से वजन कम करने, वजन बढ़ाने और बालों की समस्या का आयुर्वेदिक दवाई से इलाज करने का झांसा दिया जाता था।
फोन और रुपये लूटने का आरोपी गिरफ्तार
भिवानी। थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने ट्रक चालक से मोबाइल फोन और रुपये लूटने के तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान हनुमान गेट निवासी गगनदीप के रूप में हुई है।
राजस्थान के जिला अजमेर निवासी राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ट्रक चालक है। वह सीमेंट भर कर ट्रक को पांच जनवरी को भिवानी लाया था। उसने ट्रक को मिनी बाईपास पर आपूर्तिकर्ता की दुकान के सामने खड़ा किया था। रात करीब 11:30 बजे ट्रक के पास कुछ युवक आए, जिन्होंने उस पर हमला कर मोबाइल फोन और रुपये लूट लिए थे।
इसी मामले में कार्रवाई कर थाना औद्योगिक क्षेत्र के एसआई सुरेश कुमार ने ट्रक चालक से मोबाइल फोन और रुपये लूटने के तीसरे आरोपी को कदम चौक से गिरफ्तार किया है। पुलिस को आरोपी से 1,200 रुपये और लोहे का पंच बरामद हुआ है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।