भिवानी। ग्वार फैक्टरी क्षेत्र की शिव कॉलोनी के एक बंद मकान में चोरों ने ताले चटकाकर सोने-चांदी के आभूषणों सहित नकदी पर हाथ साफ कर डाला। चोरी की वारदात का पता परिवार सदस्यों को घर वापस लौटने के बाद लगा। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में शिव कॉलोनी निवासी ज्योति ने बताया कि वीरवार को परिवार सोनीपत गया हुआ था। जब शाम करीब पांच बजे वापस लौटे तो अंदर कमरों के ताले टूटे मिले। चोरों ने अलमारी का लॉकर तोड़कर आभूषण और नकदी भी चोरी कर ली। चोर घर से सोना-चांदी के आभूषण सहित नकदी ले गए। पुलिस ने मौका मुआयना किया। वहीं फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट टीम भी बुलाई। इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ चोरी का केस दर्ज कर पुलिस ने तहकीकात शुरू कर दी है।