भिवानी। चाकू दिखाकर रुपये, मोबाइल फोन और दस्तावेज लूटने के मामले में सीआईए प्रथम की टीम ने शुक्रवार को तीसरे आरोपी साहिल निवासी तोशाम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो हजार रुपये और शिकायतकर्ता से छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए। जयवीर निवासी रामपुरा बलियाली ने थाना बवानीखेड़ा में शिकायत दर्ज करवाई थी। उसने बताया था कि 23 अगस्त की रात वह भिवानी से किराये पर ऑटो करके गांव जा रहा था। सुई मंदिर के पास पहुंचने पर पीछे से एक ब्रेजा गाड़ी आई जिसमें चार युवक सवार थे। आरोपियों ने चाकू दिखाकर उसका पर्स, मोबाइल फोन, रुपये और अन्य दस्तावेज लूट लिए और मौके से चले गए। शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
अभियोग में कार्रवाई करते हुए सीआईए प्रथम की टीम ने उप निरीक्षक आनंद के नेतृत्व में साहिल को गिरफ्तार किया। इससे पहले पुलिस आरोपी सोमबीर और देशात को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयोग की गई ब्रेजा गाड़ी और चार हजार रुपये बरामद कर चुकी है। अभियोग में वांछित चौथे आरोपी अनमोल निवासी तोशाम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।