मार्केट कमेटी और फसल खरीद एजेसिंयों के अधिकारियों को दिशा निर्देश देते डीसी साहिल गुप्ता।
भिवानी। डीसी साहिल गुप्ता ने जिले की मंडियों में बाहर से आने वाले अनाज की खरीद पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिले की मंडियों में केवल स्थानीय अनाज की ही खरीद होगी। यदि कहीं भी बाहर का अनाज खरीदा गया पाया गया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
इसके अलावा जिले की मंडियों में विशेषकर बाजरे की पहुंच और खरीद की पड़ताल के लिए संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में अलग टीमों का गठन किया गया है। राजस्थान सीमा से जिले के सड़क मार्गों पर बने नाकों पर भी पुलिस को विशेष निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। डीसी शनिवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में फसल खरीद की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान एसपी सुमित कुमार और सीईओ जिला परिषद अजय चोपड़ा भी मौजूद रहे।
डीसी ने कहा कि अब तक कटे गेट-जे फार्म पास की जांच करवाई जाएगी जिसके लिए एसडीएम की अध्यक्षता में टीमें कार्य करेंगी। मंडियों में गेट पास केवल 100 मीटर के दायरे में ही कटे होने चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले के किसानों को किसी तरह का नुकसान नहीं होना चाहिए और जिले से बाहर के अनाज को मंडियों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। विशेष निगरानी लोहारू, सिवानी और बहल क्षेत्रों में होगी।
गुरु तेग बहादुर सिंह के 350 वें शहीदी दिवस पर होंगे कार्यक्रम
बैठक के दौरान डीसी ने बताया कि गुरु तेग बहादुर सिंह के 350 वें शहीदी दिवस के अवसर पर सरकार के निर्देशानुसार सेमिनार, ब्लड डोनेशन कैंप, निबंध प्रतियोगिताएं, मैराथन और अन्य गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों में जन प्रतिनिधियों के साथ-साथ सभी वर्गों के लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. विनोद फौगाट, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक प्रदीप कौशिक, मार्केट कमेटी सचिव देवेंद्र ढुल, सभी मंडियों के सचिव, जिला खेल अधिकारी विद्यानंद यादव और उप जिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार तंवर मौजूद रहे।