ऑल इंडिया बॉक्सिंग फेडरेशन के महासचिव प्रमोद कुमार का स्वागत करते अध्यक्ष कमल प्रधान व कोच जगदी
भिवानी। पहली बार मिनी क्यूबा भिवानी पहुंचे ऑल इंडिया बॉक्सिंग फेडरेशन के महासचिव प्रमोद कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से खेल एसोसिएशन और फेडरेशन की आपसी लड़ाई खत्म हो जाएगी। उन्होंने संकेत दिए कि अब बॉक्सिंग में सुविधाओं की झड़ी लगेगी और देश में ज्यादा से ज्यादा ओलंपिक मेडल लाने पर जोर दिया जाएगा।
भिवानी अपनी मुक्केबाजी प्रतिभाओं के कारण ‘मिनी क्यूबा’ के नाम से जाना जाता है। इसी वजह से ऑल इंडिया बॉक्सिंग फेडरेशन के महासचिव प्रमोद कुमार सोमवार को भिवानी पहुंचे और यहां के मुक्केबाजों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर विजेंदर सिंह के कोच और द्रोणाचार्य अवॉर्डी जगदीश सिंह के भिवानी बॉक्सिंग क्लब में जाकर खिलाड़ियों को प्रेरित किया।
प्रमोद कुमार ने कहा कि भिवानी के मुक्केबाजों और कोच जगदीश का पूरे देश में नाम है। हमारा प्रयास है कि ओलंपिक में अधिक से अधिक मेडल आएं। इसके लिए कई कैंप लगाए जाएंगे और मुक्केबाजों की प्रतिस्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे नए प्रतिभाशाली मुक्केबाज निखरकर सामने आएं। उन्होंने खिलाड़ियों को ईनाम राशि न मिलने जैसी पुरानी समस्याओं का भी जिक्र किया। प्रमोद कुमार ने कहा, “मैं खुद खिलाड़ी रहा हूं, इसलिए सभी की परेशानियों को समझता हूं। अब ऐसा नहीं होगा कि किसी खिलाड़ी की सुनवाई न हो।”
फेडरेशन और एसोसिएशन के बीच आपसी लड़ाई से खिलाड़ियों को होने वाले नुकसान पर उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने पहले खेल मंत्री रहे अनुराग ठाकुर और अब मनसुख मंडाविया को कहा है कि इस आपसी विवाद को खत्म किया जाए। सभी फेडरेशन पदाधिकारियों को एक मंच पर लाया जाएगा।
प्रमोद कुमार ने फ्री में खिलाड़ी तैयार करने वाले एकेडमी संचालकों की मदद के लिए समाज के धनाढ्य लोगों को आगे आने की जरूरत बताई। इस अवसर पर भिवानी बॉक्सिंग क्लब के अध्यक्ष कमल प्रधान, द्रोणाचार्य अवार्डी कोच जगदीश सिंह और कई खिलाड़ी मौजूद रहे।