भिवानी। जिले के लिए गर्व की बात है कि शहर के कराटे प्रशिक्षक अनिल श्योराण को भारतीय कराटे टीम का कोच नियुक्त किया गया है। वे 4 से 7 सितंबर तक चीन में होने वाली 23वीं कैडेट जूनियर अंडर-21 एशियन चैंपियनशिप में भारतीय टीम के साथ जाएंगे। भारतीय कराटे फेडरेशन ने उन पर भरोसा जताते हुए यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।
अनिल श्योराण लंबे समय से कराटे के क्षेत्र में सक्रिय हैं और उन्होंने अनेक युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार किया है। वे खुद भी कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में एशिया के विभिन्न देशों से सर्वश्रेष्ठ युवा कराटे खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। अनिल श्योराण ने बताया कि कोच के रूप में उनका लक्ष्य भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कराने और देश के लिए पदक दिलाने का है। उन्होंने इस अवसर को अपने कठिन परिश्रम और वर्षों के अनुभव का परिणाम बताया।