कैरू। क्षेत्र के गांव खारियावास में पीने के पानी की भीषण किल्लत से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर अपना रोष जताया। गर्मी के इस तीखे दौर में ग्रामीणों को महंगे टैंकरों से पानी खरीदकर अपनी प्यास बुझानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि पानी की समस्या को लेकर उपायुक्त, सीएम विंडो और एडीओ कार्यालय तोशाम तक कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीण दिनेश, संजय, प्रवीण, महेंद्रो देवी, सुदेश, फूलपति व नरेश ने बताया कि गांव में पीने के पानी की पुरानी पाइप लाइन जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है, जिससे पानी लीक होकर दूषित पानी घरों तक पहुंच रहा है। विभाग द्वारा नई पाइप लाइन बिछाने के बजाय उसी क्षतिग्रस्त लाइन में नए कनेक्शन दिए जा रहे हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ गई है। ग्रामीणों ने पुरानी पाइप लाइन से कनेक्शन लेने से इन्कार कर दिया है, जिस कारण गांव के कई घरों तक पानी पहुंच ही नहीं रहा।
भीषण गर्मी में लोग घरों में कैद हैं, लेकिन पानी के लिए उन्हें सुनसान सड़कों से सिर पर मटके ढोकर लाने पड़ रहे हैं।
- अणची देवी।
पानी की समस्या को लेकर जिले के अधिकारियों को शिकायत देने के बाद भी समाधान नहीं हुआ है। महंगे दामों में पानी के टैंक मंगवाकर पीने के पानी की पूर्ति करनी पड़ रही है।
- सुनील, ग्रामीण।
पानी की तलाश में गांव के बुजुर्गों, महिलाओं व युवाओं एक किलोमीटर दूर तक जाना पड़ता है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत के लेटर पैड पर भी शिकायतें दी हैं, लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे।
- प्रवीण, ग्रामीण।
कुछ गलियों में पाइप लाइन तो बिछा दी गई है, लेकिन टी-प्वाइंट बना गड्ढा अधूरा छोड़ दिया गया है और आगे की लाइन नहीं डाली गई, जिससे लोग परेशान हैं।
- अनूप, पंच
गांव में नई पेयजल पाइप लाइन बिछाने के लिए पाइप की आपूर्ति शेष है। तोशाम कार्यालय से बजट से संबंधित कागजी कार्यवाही पूरी कर ली गई है, जिसे जल्द ही ऑनलाइन भेजा जाएगा। मंगलवार तक प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी और बजट पास होते ही नई पाइप लाइन डाल दी जाएगी। तब तक पानी की अस्थायी व्यवस्था की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।
- नवीन, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग।