भिवानी। मुंढाल बस स्टैंड स्थित एक सर्विस स्टेशन व कार डेकोरेशन की दुकान के ताले चटकाकर चोर करीब एक लाख कीमत के सामान पर हाथ साफ कर ले गए। चोरी की वारदात बुधवार रात की है। दुकान मालिक ने इसकी शिकायत मुंढाल पुलिस चौकी में दी। जिसके बाद सदर पुलिस ने इस संबंध में सामान चोरी का केस दर्ज किया है।
सदर पुलिस को दी शिकायत में गांव मुंढाल खुर्द वासी विवेक फौगाट ने बताया कि उसका बस स्टैंड पर सर्विस स्टेशन है और उसी के साथ उसकी कार डेकोरेशन की दुकान भी है। वीरवार सुबह उसके चचेरे भाई का फोन आया कि दुकान के ताले टूटे पड़े हैं। जिसके बाद वह दुकान पर पहुंचा तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने दुकान के ताले चटकाने के बाद अंदर लगा शीशा भी तोड़ दिया था। चोर करीब एक लाख के सामान पर हाथ साफ कर ले गए। उसने बताया कि चोर गल्ले से 3800 रुपये की नकदी के अलावा 10 एडरायड म्यूजिक सिस्टम, चार नॉर्मल म्यूजिक सिस्टम, छह बेस ट्यूब, आठ कैमरा सेट, सीट कवर व इलेक्ट्रॉनिक आइटम चोरी कर ले गए। मुंढाल पुलिस चौकी के जांच अधिकारी सिपाही संदीप ने बताया कि पुलिस ने मौका मुआयना के बाद विवेक की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।