भिवानी (संवाद)। कस्बा बवानीखेड़ा क्षेत्र के गांव रतेरा में एक मकान के अंदर चोरों ने सोने के आभूषण व नकदी पर हाथ साफ कर डाला। मामले की शिकायत बवानीखेड़ा पुलिस थाना में दी गई। पुलिस ने इस संबंध में चोरी का केस दर्ज किया है।
बवानीखेड़ा पुलिस को दी शिकायत में गांव रतेरा निवासी बीरमती ने बताया कि गत 10 जून की रात को उसके पति की तबीयत खराब थी। इसलिए देर रात तीन बजे तक परिवार के सदस्य जागते रहे। इसके बाद परिवार के सदस्य सो गए। लेकिन अगले दिन 11 जून की सुबह नौ बजे जब उठे तो सामान बिखरा पड़ा था और पर्स भी आंगन में खाली पड़ा था। घर के अंदर सामान की जांच की तो चोर दो सोने के मंगलसूत्र, एक तोले का सोने का डोल, चार ग्राम सोने का आभूषण, घर में किसी कार्य के लिए रखे दस हजार रुपये चोरी कर ले गए। मामले की शिकायत बवानीखेड़ा पुलिस को दी। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया है।