भिवानी। शहर के खाड़ी मोहल्ला में एक युवक पर बाइक की चेन और तलवार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बेटे के बचाव में आई मां को भी गंभीर चोटें आई। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में दाखिल कराया वहीं मामले की सूचना सिटी पुलिस को दी। पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर आठ युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सिटी पुलिस थाना में दी शिकायत में खाड़ी मोहल्ला निवासी राहुल ने बताया कि वह एक निजी अस्पताल में नौकरी करता है। गत 11 जून को शिवमंदिर से अपने घर जा रहा था कि इसी दौरान आठ नौ युवकों ने उसका पीछा कर उस पर बाइक की चेन और तलवार से हमला कर दिया। आरोपियों के चुंगल से बेटे को छुड़वाने बचाव में आई मां भी गंभीर रूप से घायल हो गई। युवक के चिल्लाने की आवाजें सुनकर परिवार के अन्य लोग भी वहां पहुंचे, जिसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। वहीं घायल को उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल लाया गया। पुलिस ने राहुल की शिकायत पर आठ नामजद युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।