भिवानी। गांव कालुवास में कोरोना संक्रमण की वजह से काफी अर्से से बंद पड़ी एक फैक्टरी का ताला तोड़कर चोर सामान ले गए। मामले की जानकारी सदर पुलिस को दी।
फैक्टरी संचालक सेवानिवृत्त निदेशक व प्रधान वैज्ञानिक डॉ. विजय सिंह बैनीवाल ने बताया कि गांव कालुवास महम रोड पर उसकी फैक्टरी है। कोरोना की वजह से पिछले काफी अर्से से उसकी फैक्टरी बंद पड़ी है और वह हिसार के साकेत नगर में रहता है। शनिवार को उसके चचेरे भाई राजेश का फोन आया। उसने बताया कि फैक्टरी के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। उसने मौके पर पहुंचकर देखा कि फैक्टरी के अंदर से मशीनों का कीमती सामान व मोटर चोरी हो गई है। इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने इस संबंध में चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।