चोरी की बरामद बाइकों के साथ पुलिस की टीम। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। शौक के लिए 16 साल का एक किशोर बाइक चोरी करता था। पुलिस ने पकड़ा तो बाइक चोरी की 10 वारदात का खुलासा हुआ। बच्चे को पुलिस ने ज्यूवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि बच्चा बाइक चोरी करने के बाद उसे चलाता और पेट्रोल खत्म होने पर घर पर खड़ी कर देता। इस तरह पिछले सालभर में वह 10 बाइक चोरी कर चुका है। बच्चा शहर के ही एक नजदीकी गांव से है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिला भिवानी में बाइक चोरी की वारदात लगातार बढ़ रही थी। इन्हीं पर अंकुश लगाते हुए सीआईए स्टाफ-2 भिवानी के इंचार्ज श्रीभगवान के नेतृत्व वाली टीम के इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक सुभाष ने बाइक चोरी के मामले में मंगलवार को एक बच्चे को पुलिस अभिरक्षा में लिया। पुलिस अधिकारी की निगरानी में किशोर से पूछताछ में जिला भिवानी में बाइक चोरी की 10 वारदात का खुलासा किया है।