भिवानी। भिवानी-लोहारू मुख्य मार्ग पर गांव देवसर के समीप मंगलवार शाम करीब पांच बजे सड़क पर अचानक नील गाय आगे आने से एक ऑटो का संतुलन बिगड़ गया। ऑटो ने सड़क पर ही तीन बार पलटी खाई। ऑटो में सवार बुजुर्ग व्यक्ति सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें एंबुलेंस के जरिए जिला सामान्य अस्पताल के आपात विभाग तक पहुंचाया। चिकित्सकों ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। बुजुर्ग के दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, उसे रेफर किया गया।
जिला सामान्य अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे ऑटो मार्केट क्षेत्र वासी ढिल्लू ने बताया कि वह और उसका मामा रिसाल सिंह मंगलवार शाम को बाढ़ड़ा से ऑटो रिक्शा में बैठकर वापस भिवानी आ रहे थे। जब उनका ऑटो गांव देवसर के समीप पहुंचा तो अचानक ही सड़क पर नीलगाय आगे आ गई। तेज रफ्तार में चल ऑटो पर चालक संतुलन खो बैठा और सड़क पर ही तीन बार पलट गया। इस हादसे में उसके सिर में चोटें आई वहीं उसके मामा रिसाल सिंह के दोनों पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इस सड़क हादसे में ऑटो में सवार एक अन्य यात्री को भी चोटें आई। ढिल्लू ने बताया कि उसके मामा की हालत खराब होने पर चिकित्सकों ने उसे रेफर कर दिया।