भिवानी। पुलिस ने स्कूटी की डिक्की से 1.19 लाख रुपये चोरी करने के मामले में एक आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में आदर्श कॉलोनी निवासी मुकेश के रूप में हुई है। आरोपी को चार दिनों के रिमांड पर लिया है।
सेक्टर-13 निवासी राजकुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी। इसमें बताया कि वह अपने मित्र के साथ बैंक में से रुपये निकालकर लाया था और स्कूटी की डिक्की में रख दिए थे। इसके बाद वे हांसी गेट स्थित एक दुकान में गया। जब उन्होंने स्कूटी की डिक्की खोली तो उन्हें रुपये नहीं मिले। पुलिस ने इस मामले में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया था। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए शहर थाना में कार्यरत मुख्य सिपाही ऋषि कुमार ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। वहीं, शहर पुलिस थाना के प्रभारी निरीक्षक बलदेव सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि बाजार में या किसी अन्य सार्वजनिक स्थान पर अपनी गाड़ी या स्कूटी की डिक्की में रुपये ना रखें।