सोमवारी माता क्षेत्र में एक परचून दुकान के गोदाम का कुंड़ा उखाड़ चोर दो टीन घी चोरी कर ले गए। चोरी घी की कीमत करीब करीब 10 हजार रुपये बताई जा रही है। चोर गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए मगर अभी उनकी पहचान नहीं हो पाई है। सूचना के बाद जैन चौक चौकी पुलिस और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने मौके का निरीक्षण किया और तथ्य जुटाए।
शनिवार को अल सुबह चोरों ने सोमवारी माता स्थिति एक परचून दुकान के गोदाम को अपना निशाना बनाया। चोरों ने यहां ताला नहीं टूटने पर कुंडा ही उखाड़ दिया। सुबह जब गोदाम मालिक बालकिशन वहां पहुंचे तो कुंडा उखड़ा देख उन्हें चोरी का अंदेशा हुआ। जिसके बाद इसकी सूचना जैन चौक चौकी पुलिस को दी गई। जब गोदाम का निरीक्षण किया और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई तो साफ हुआ कि सुबह 03:50 बजे पर बाइक सवार दो चोरों ने गोदाम में कुंडा तोड़ चोरी की। दोनों युवकों ने चेहरे पर रूमाल बांध रखा था और अंदर एक दफा रूमाल हटाया भी। चोर करीब 15 मिनट तक वहां रहे और चोरी करने के लिए सामान तलाशते रहे। आखिर में दो टीन घी के उठाकर फरार हो गए। सीसीटीवी में सामने आया कि एक युवक पांव से लंगड़ा रहा था। दोनों युवकों की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है।
गोदाम मालिक बालकिशन ने बताया कि चोर देशी घी की दो टीन चोरी कर ले गए। चोरी घी की कीमत करीब 10 हजार रुपये है। जैन चौक चौकी से जांच अधिकारी एएसआई रणधीर सिंह ने बताया कि कूंड़ा उखाड़कर चोरी की गई है। मामले की जांच की जा रही है।