तोशाम (भिवानी)। हमले का बदला लेने के लिए गांव सरल के युवक राहुल (28) की डंडों व सरियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक के पिता की शिकायत पर तोशाम पुलिस ने गांव सरल के छह नामजद सहित व गांव पिंजोखरा के 5-6 लोगों के खिलाफ हत्या में मामला दर्ज किया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। गांव गारणपुरा से स्याहड़वा मार्ग पर नहर के पास वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच किसी मामले को लेकर रंजिश है और न्यायालय में केस भी चल रहे हैं। मंगलवार को सरल निवासी राहुल व उनके पिता शमशेर दोनों किसी काम से गांव से स्याहड़वा के लिए जा रहे थे। राहुल का गांव के ही लोगों के साथ काफी दिनों से झगड़ा चल रहा था। मंगलवार को गारनपुरा से स्याहड़वा के बीच नहर के नजदीक राहुल व उनके पिता शमशेर को रोक लिया गया। आरोप है कि शमशेर को दो व्यक्तियों ने पकड़ लिया। इसके बाद सरल निवासी कश्मीरी, जगबीर, संदीप, रमेश, कालिया, सुमेश व पिंजोखरा निवासी 5-6 अन्य व्यक्तियों ने लाठी डंडों व सरियों से राहुल पर हमला कर दिया। राहुल को सिर में लाठी डंडों से चोट मारी, जिसके बाद आरोपी गाड़ी लेकर भाग गए। घायल अवस्था में राहुल को हिसार के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक राहुल के परिजनों की शिकायत पर 6 नामजद सहित 5-6 अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
16 अप्रैल को हुआ था झगड़ा
सरल निवासी विकास 16 अप्रैल को तोशाम से दुकान बंद करके अपने घर गांव सरल जा रहा था। गांव झांवरी के नजदीक पावर हाउस के पास पहुंचा तो राहुल व एक उसके साथी ने विकास पर हमला कर दिया। इसके बाद विकास गंभीर चोट लगी थी। उसी झगड़े का बदला लेने के लिए विकास के परिजनों ने राहुल की हत्या कर दी।
मृतक युवक के पिता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बीच आपस में पुराना विवाद चला आ रहा है।
-महावीर थाना प्रभारी तोशाम पुलिस थाना।