भिवानी। होटल पर हुई कहासुनी के बाद पिकअप गाड़ी चालक ने युवक को 500 मीटर दूर तक घसीटा और फिर उसी पिकअप गाड़ी की सड़क पर सामने से आ रहे एक ट्रक से टक्कर हो गई। जिसमें गाड़ी के साथ घिसट रहे युवक की मौत हो गई। वहीं, अपने दोस्त को बचाने के चक्कर में गाड़ी के पीछे लटका एक युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया। मामले की जानकारी जूई कलां पुलिस थाने में दी। मृतक के भाई ने साजिश के तहत पिकअप गाड़ी चालक पर हत्या का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को भांपते हुए मौके पर फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम भी पहुुंची। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
भिवानी के सेक्टर 13 निवासी 27 वर्षीय रवि अपने दोस्त गांव जाटूलुहारी निवासी अजय कुमार के साथ दोस्त विनीत उर्फ मोनी से मिलने के लिए रविवार को गांव हेतमपुरा गया हुआ था। दोनों दोस्त गाड़ी से गांव हेतमपुरा पहुंचे थे। वापसी में देर रात करीब साढ़े दस बजे कैरू-लोहानी मार्ग पर गांव टिटानी के समीप एक होटल पर खाना खाने लगे। वे होटल के अंदर खाना खा रहे थे तो इसी दौरान रवि की वहां बैठे कुछ लोगों के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद रवि व उसके दोस्त ने खाना खाया और वे दोनों जाने लगे तो एक पिकअप गाड़ी के चालक ने रवि को अपने पास बुलाया। आरोपी ने गाड़ी के चालक सीट पर बैठकर रवि की गर्दन को अपने हाथ में दबोच लिया और फिर गाड़ी चला दी। गाड़ी से रवि को करीब 500 मीटर दूर तक ऐसे ही चालक ने अपने हाथ में दबाते हुए घसीटा और फिर सामने से आ रहे एक ट्रक से पिकअप की टक्कर हो गई। रवि को बचाने के लिए अजय भी पिकअप गाड़ी के पीछे लटक गया था। जिसे भी इस हादसे में गंभीर चोटें आईं। पिकअप चालक मौके पर गाड़ी छोड़कर भाग गया। हादसे में गंभीर दोनों युवकों को नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। वहीं अजय को प्राथमिक उपचार के बाद वार्ड में दाखिल कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही जूईकलां पुलिस थाना प्रभारी विक्रांत मौके पर पहुंचे। मृतक रवि के बड़े भाई अमित ने बताया कि उसके पास मोनी का फोन आया था, जिसने इस घटना की उसे जानकारी दी थी। इसके बाद वे मौके पर भी पहुंचे थे। उसने आरोप लगाया कि पिकअप गाड़ी चालक ने उसके भाई के साथ कहासुनी होने के बाद साजिश के तहत उसके भाई को घसीटते हुए ट्रक में टक्कर मारकर उसकी हत्या कर दी। मौत को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की गई, जबकि उसका भाई अपने साथ गाड़ी लेकर गया था। पिकअप गाड़ी के चालक ने उसके भाई को काफी दूर तक घसीटते हुए उसकी ट्रक को टक्कर मारकर हत्या कर दी। इस हादसे में पिकअप चालक वहां से अपनी गाड़ी छोड़कर भाग गया। वहीं चश्मदीद अजय ने भी पुलिस को अपने बयान दर्ज कराए और पिकअप गाड़ी चालक व उसके साथियों पर रवि की हत्या व उसकी जान लेने की कोशिश के आरोप लगाए। अमित ने बताया कि वे दो भाई थे, बड़ा वह और छोटा रवि था। रवि अभी अविवाहित था और दूरस्थ शिक्षा से अपनी पढ़ाई जारी रखे हुए था और छोटा मोटा काम भी कर लेता था। अभी पिकअप चालक की पहचान नहीं हुई है। पुलिस गाड़ी के आधार पर जांच कर रही है।
हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही
सड़क हादसे में एक युवक की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हादसा ग्रस्त पिकअप गाड़ी व ट्रक को कब्जे में ले लिया है। मृतक के परिजनों ने रवि की हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पिकअप गाड़ी चालक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट टीम को भी मौके पर बुलाया है। मामले की बारीकी से तहकीकात की जा रही है।
-विक्रांत सिंह, एसएचओ, जूईकलां पुलिस थाना।
मृतक रवि की मौत मामले में परिजनों के बयान दर्ज करती जूई थाना पुलिस । संवाद- फोटो : Bhiwani