शहर की कृष्णा कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाले एक युवक का शव घर के कमरे में पंखे से बने फंदे पर लटका मिला। घटना का पता रविवार सुबह आठ बजे उस समय लगा जब युवक को चाय देने उसकी मौसी पहुंची। इसकी जानकारी परिजनों को दी गई। वहीं पुलिस भी मामले की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतार भिवानी जिला सामान्य अस्पताल ले आई।
कृष्णा कॉलोनी में किराए के मकान में अपनी मां के साथ रह रहे 28 वर्षीय अंकित का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। अंकित तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था जो अविवाहित था। अंकित का बड़ा भाई हरिद्वार में प्राइवेट कंपनी में काम करता है और इकलौती बहन की शादी गांव चांग में की हुई है। मृतक अंकित की मां कृष्णा अपनी बहन के साथ कृष्णा कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे। शनिवार शाम करीब तीन बजे अंकित की मां कृष्णा अपनी बेटी के घर मिलने गई थी। घर पर अंकित अकेला था। सुबह करीब आठ बजे जब उसकी मौसी उसको चाय-नाश्ता देने पहुंची तो उसने देखा कि अंकित पंखे से लटका हुआ मिला। बेटे की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां कृष्णा घर पहुंची। वहीं मकान मालिक विक्रम और कृष्णा के बयान दर्ज कर सिटी पुलिस ने शव का भिवानी जिला सामांन्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। दिनोद गेट पुलिस चौकी के जांच अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तेफाकिया कार्रवाई की है।