अल्ट्रासाउंड केंद्र के बाहर खाली पड़ीं कुर्सियां।
भिवानी। शहर के नागरिक अस्पताल में कार्यरत रेडियोलॉजिस्ट की छुट्टी के कारण शुक्रवार को अल्ट्रासाउंड जांच केंद्र बंद रहा, जिससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को असुविधा का सामना करना पड़ा। जांच केंद्र में लगाई गई कुर्सियां पूरे दिन खाली पड़ी रही, जबकि जांच के लिए आए मरीजों को अगले दिन की तारीख दी गई। इसी बीच, इमरजेंसी मामलों में आने वाले मरीजों को निजी केंद्रों से जांच करवानी पड़ी।
दरअसल नागरिक अस्पताल में दो अल्ट्रासाउंड मशीनें हैं, लेकिन केवल एक रेडियोलॉजिस्ट कार्यरत है। जब वह छुट्टी पर होते हैं, तो जांच केंद्र बंद कर दिया जाता है। सामान्य दिनों में भी अस्पताल में प्रति दिन लगभग 150 मरीज जांच के लिए आते हैं, लेकिन केवल 60 से 70 मरीजों की ही जांच हो पाती है। प्राथमिकता के आधार पर गर्भवती महिलाओं और आपातकालीन मरीजों की जांच पहले की जाती है, जबकि सामान्य मरीजों को अगले कुछ दिनों की तारीख दी जाती है।
इस समस्या को लेकर अस्पताल प्रभारी डॉ. बलवान सिंह ने बताया कि अतिरिक्त रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मरीजों की संख्या अधिक होने के कारण एक दिन में सभी की जांच नहीं हो पाती है। लेकिन गर्भवती महिलाओं और इमरजेंसी मरीजों को प्राथमिकता दी जाती है।
अस्पताल में एक रेडियोलॉजिस्ट कार्यरत है, लेकिन मरीजों की संख्या प्रतिदिन 150 तक जाती है। गर्भवती महिलाएं और इमरजेंसी मरीजों को प्राथमिकता दी जाती है, जिसके कारण कुछ मरीजों को अगले दिन की तारीख दी जाती है। हमने अतिरिक्त रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति के लिए मांग भेजी है, ताकि भविष्य में मरीजों को कोई परेशानी न हो। -डॉ. बलवान सिंह, कार्यवाहक प्रभारी, नागरिक अस्पताल, भिवानी।