खानक में खनन कार्य शुरू होने के साथ ही संचालित हुए क्रशर।
तोशाम। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर के चलते ग्रेप के तहत करीब दो सप्ताह से बंद खानक की खदानों में बुधवार सुबह फिर से खनन कार्य शुरू हो गया। इससे खनन से जुड़े 10 हजार से अधिक लोगों को राहत मिली है और खानक में एक बार फिर खनन की खनखनाहट सुनाई देने लगी है।
दिवाली से ठीक पहले वायु प्रदूषण बढ़ने के कारण खानक में खनन कार्य पर रोक लगा दी गई थी। इसके चलते मजदूरों, ट्रक मालिकों, चालकों और क्रशर संचालकों सहित खनन से जुड़े लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया था। काम बंद होने से पूरी खनन नगरी में सन्नाटा पसरा था और हजारों लोग घर बैठने को मजबूर थे।
निर्माण सामग्री के दामों में भी आई गिरावट
खनन बंद होने का असर भवन निर्माण सामग्री की आपूर्ति पर भी पड़ा था। रोडी, बजरी और क्रशर सहित अन्य निर्माण सामग्री के दामों में 100 से 200 रुपये प्रति टन तक की बढ़ोतरी हो गई थी। बुधवार को खनन शुरू होने के बाद आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद से सामग्री के दामों में भी गिरावट आई है। इससे निर्माण कार्य से जुड़े लोगों को भी राहत मिली है। एचएसआईआईडीसी के सीनियर मैनेजर रविंद्र जाखड़ ने बताया कि ग्रेप लागू होने के कारण छह नवंबर को खनन कार्य बंद करवा दिया गया था। मंगलवार को खनन दोबारा शुरू करने के आदेश प्राप्त हुए थे। इसके बाद बुधवार सुबह से खानक में खनन कार्य शुरू करवा दिया गया है।