फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: सो गई तीसरी आंख, थम गई शहर की निगरानी

Sun, 21 Sep 2025 01:47 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
घंटाघर चौक पर बंद पड़े सीसीटीवी कैमरे।
विज्ञापन
भिवानी। त्योहारी सीजन से पहले ही शहर के मुख्य चौक चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे ठप पड़े हैं। इस हालत में सवाल यह उठता है कि शहर के चप्पे-चप्पे पर निगरानी कैसे हो पाएगी। जिला प्रशासन की तरफ से 83 बिंदुओं पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे लेकिन 23 जगहों पर कैमरे खराब होने की वजह से बंद पड़े हैं। इस स्थिति में ऑनलाइन वाहनों के चालान, मुख्य रास्तों की सुरक्षा और किसी घटना की फुटेज जुटाना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।
विज्ञापन

जिला यातायात पुलिस ने बंद पड़े कैमरों की जानकारी जिला प्रशासन को दी है। अधिकारियों ने इस मामले पर मंथन भी किया और अब इन्हें दुरुस्त कराने की प्रक्रिया शुरू करने का दावा किया जा रहा है। जिला प्रशासन की तरफ से शहर के मुख्य चौक चौराहों की जगह शहर के सभी प्रवेश मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ये नाइट विजन वाले उच्च कोटी के कैमरे सड़क पर हर गतिविधि कैद कर रहे हैं। जिला यातायात पुलिस सड़क पर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के चालान ऑनलाइन काट रही है और उनकी सीसीटीवी फुटेज चालान के साथ घर भेजी जा रही है। लेकिन 23 जगहों पर बंद पड़े कैमरों की वजह से मुख्य रास्तों पर निगरानी बाधित है।
हाल ही में घंटाघर से हांसी गेट क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में एक लड़का और एक लड़की घायल हो गए थे। शहर थाना पुलिस ने जांच शुरू की लेकिन उस लोकेशन की फुटेज खराब कैमरे के कारण नहीं मिल पाई। अगर कैमरा चालू होता तो हादसा करने वाले वाहन चालक का पता आसानी से लग जाता।
विज्ञापन


शहर के बाजारों की सुरक्षा में भी सेंधमारी
त्योहारी सीजन में शहर के बाजारों में सामान खरीदने आए खासकर महिलाओं का कीमती सामान चोरी हो जाता है। पिछले दिनों कई महिलाओं का सामान चोरी हुआ लेकिन चोर पकड़ में नहीं आए। बाजार में कुछ शातिर महिला चोर भी सक्रिय रहती हैं जो भीड़ का फायदा उठाकर कीमती सामान पर हाथ साफ कर देती हैं। दुकानों के कैमरे केवल दुकान के अंदर ही काम करते हैं जबकि मुख्य सड़क की निगरानी नहीं होती। इसका फायदा अपराधियों को मिलता है।

ट्रैफिक लाइटें बंद रहने और मनमर्जी से वाहन खड़े करने से बढ़ रही परेशानी
शहर के मुख्य चौराहों पर लंबे समय से ट्रैफिक सिग्नल लाइटें बंद हैं। कुछ लाइटें खराब हो चुकी हैं जबकि इन्हें पहले केवल टाइमिंग की समस्या के कारण बंद किया गया था। इसके अलावा सड़क पर वाहन चालकों द्वारा मनमर्जी से वाहन खड़े करने से जाम बढ़ता है और यातायात पुलिस केवल चौराहों तक ही सीमित रहती है। लगातार रायडर और ट्रैफिक पुलिस पूरे रास्ते पर निगरानी रखें तो इन वाहनों पर नियंत्रण किया जा सकता है।


जिला प्रशासन की तरफ से शहर के मुख्य चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिन जगहों पर कैमरे बंद हैं उनकी रिपेयरिंग के टेंडर कराए जा चुके हैं। इन कैमरों के रखरखाव की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की है जबकि सुरक्षा और यातायात व्यवस्थित करने का दायित्व पुलिस के पास है। जल्द ही सभी बिंदुओं पर कैमरे दुरुस्त कर दिए जाएंगे। इस संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है। -निरीक्षक सुरेश कुमार, प्रबंधक, जिला यातायात पुलिस थाना भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें