भिवानी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रोहतक की टीम ने सोमवार को भिवानी शहर की कीर्ति नगर कॉलोनी में छापा मारकर अवैध रूप से संचालित एक खून जांच लैब को सील कर दिया। इस कार्रवाई में ड्रग इंस्पेक्टर और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी शामिल रही।
जानकारी के अनुसार यह लैब पिछले दो माह से कीर्ति नगर स्थित एक निजी मेडिकल स्टोर के साथ चलाई जा रही थी। गुप्त सूचना के आधार पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रोहतक के एसआई राजवीर सिंह, ड्रग इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह, नागरिक अस्पताल की लैब प्रभारी डॉ. बबली और भिवानी के डिप्टी सीएमओ डॉ. खेताभ रंजन की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर और लैब की जांच की। जांच के दौरान मेडिकल स्टोर के दस्तावेज तो सही पाए गए लेकिन लैब में कोई प्रशिक्षित तकनीशियन मौजूद नहीं था।
डॉ. बबली ने बताया कि लैब बिना किसी मान्यता और अनुमति के संचालित हो रही थी। टीम को वहां से कुछ एक्सपायरी तिथि वाला सामान भी मिला जिसे जब्त कर लिया गया है। इसके बाद लैब को मौके पर ही सील कर दिया गया।