भिवानी। समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित कर प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से स्वर्णकार सेवा परिषद द्वारा 24 अगस्त को प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। परिषद के प्रधान हरिचरण वर्मा और महासचिव अधिवक्ता कुलदीप सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस समारोह में शैक्षणिक और खेल क्षेत्र की उपलब्धियों पर विद्यार्थियों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 10वीं और 12वीं कक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा स्नातक और स्नातकोत्तर में 65 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को भी मंच पर सम्मान देकर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। सम्मान समारोह के लिए इच्छुक विद्यार्थी अपनी रिजल्ट कॉपी और आधार कार्ड की प्रति 15 अगस्त तक महासचिव अधिवक्ता कुलदीप सोनी (मो. 9812023540), ऑडिटर देवदत सोनी (मो. 8053299112) और प्राध्यापक अजय सोनी गोतान (मो. 9996518260) के मोबाइल नंबर पर भेज सकते हैं। 15 अगस्त के बाद भेजे गए किसी भी बायो डाटा पर विचार नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर शालू सोनी, अशोक कुमार वर्मा, मनीष वर्मा, देवदत सोनी, डॉ. शिलवंत सोनी आदि मौजूद रहे।