शहर में लगे कूड़े के ढेर में फंसी स्कूल बस।
भिवानी। नगर परिषद कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में चारों तरफ गंदगी का अंबार लग गया है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि बुधवार को दिनोद गेट स्थित टिबड़ेवाल सभागार के पास एक स्कूल बस कचरे के ढेर में धंस गई जिससे करीब आधे घंटे तक सड़क पर जाम लगा रहा। स्थानीय लोगों ने मशक्कत कर बस को बाहर निकाला।
वहीं शहर के मुख्य मार्गों, बाजारों और कॉलोनियों में फैले कूड़े से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों के लिए सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया है। बाजार, गलियां, कॉलोनियां और चौक-चौराहों पर चारों तरफ कचरा फैला हुआ है। कचरे से उठ रही दुर्गंध के कारण लोगों को मुंह पर कपड़ा ढककर निकलना पड़ रहा है। वहीं बदबू और गंदगी का असर बाजारों के कारोबार पर भी पड़ रहा है।
बुधवार को दिनोद गेट स्थित टिबड़ेवाल सभागार के पास एक स्कूल बस कूड़े के ढेर में धंस गई। बस करीब आधे घंटे तक वहीं फंसी रही। स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद बस को धक्का देकर बाहर निकाला। इस दौरान सड़क पर लंबा जाम लग गया और यातायात बाधित रहा। घटना के बाद लोगों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल बना रहा।