हाथ पर लगी चोट दिखाता घायल जतीन। संवाद
भिवानी। नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष के बेटे से रंगदारी मांगने और विरोध करने पर बदमाशों द्वारा डंडों से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है जिसमें आरोपी युवक पर डंडे बरसाते नजर आ रहे हैं। शहर थाना पुलिस ने दो नामजद सहित पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन कृपाराम गली निवासी 31 वर्षीय जतिन ने बताया कि उसने करीब तीन-चार माह पहले हालु बाजार में ‘पालाराम हलवाई’ के नाम से दुकान खोली थी। रविवार रात वह हालु बाजार चौक पर मक्का लेने गया था। इसी दौरान दो युवक वहां आए और एक ने उससे पूछा कि क्या वह यहां दुकान करता है। जतिन के ‘हां’ कहने पर युवक ने ‘खर्चा पानी’ देने की बात कही। विरोध करने पर आरोपियों ने उस पर अचानक डंडों से हमला कर दिया।
जतिन ने बताया कि वह बचने के लिए एक दुकान के अंदर घुसा तो आरोपी भी डंडे लेकर उसके पीछे अंदर घुस गए और ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपियों ने उससे रंगदारी की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी और वहां से भाग गए। घायल जतिन को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस बारे में जैन पुलिस चौकी के इंचार्ज मनीष ने बताया कि जतिन के बयान पर आरोपी शुभम और रोहित उर्फ शूटर सहित पांच लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। मारपीट की सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दुकानदार इकट्ठे हुए तो आरोपी धमकी देते हुए भाग गए
घायल जतिन के अनुसार आरोपी शुभम और रोहित उर्फ शूटर मक्का लेते समय उसके पास आए थे। उन्होंने दुकान करने की पुष्टि होने पर ‘खर्चा देना पड़ेगा’ कहते हुए रुपये की मांग की। मना करने पर गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर हाथापाई पर उतर आए। जतिन दुकान के अंदर घुसा तो आरोपियों ने डंडों से हमला कर दिया। इसी दौरान एक आरोपी ने उसके हाथ पर चाकू से वार कर दिया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार इकट्ठे हुए तो आरोपी धमकी देते हुए मौके से भाग गए।
बेटे से मांगी बदमाशों ने रंगदारी, मना करने पर पीटा: भानू प्रकाश
नगर व्यापार मंडल भिवानी के अध्यक्ष भानू प्रकाश शर्मा ने बताया कि उनका बेटा जतिन हालु बाजार में हलवाई की दुकान चलाता है। रविवार शाम वह मक्का लेने हालु चौक गया था जहां कुछ युवकों ने उससे रुपये की मांग की। उन्होंने कहा कि यहां दुकान करते हो तो सुविधा शुल्क देना पड़ेगा। जतिन के मना करने पर उस पर डंडों से हमला भी किया गया। उन्होंने बताया कि पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और दुकानदारों से रंगदारी मांगने वालों पर पुलिस प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की मांग की।