भिवानी। सीआईए प्रथम की टीम ने अंगूठी चोरी मामले में दूसरे आरोपी करनाल हाल इंदिरा कॉलोनी निवासी बलिंदर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी से वारदात में प्रयोग की गई स्कूटी और 30 हजार रुपये बरामद किए हैं। इस बारे में शहर थाना पुलिस में आजाद मोहल्ला निवासी केदारनाथ ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आठ मार्च को सुबह पार्क में सैर करके घंटाघर के पास पहुंचा तो बाइक सवार आरोपी उनके हाथ से सोने की अंगूठी चोरी कर ले गए। सीआईए स्टाफ प्रथम भिवानी के उप निरीक्षक रामबीर ने अंगूठी चोरी करने के मामले में आरोपी बलिंदर को न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में पुलिस एक आरोपी को पहले गिरफ्तार कर चुकी है।
लोहारू पुलिस ने मोबाइल दुकान संचालक के घर सीसीटीवी व गाड़ी तोड़ने के मामले में आरोपी ढाणी अकबरपुर निवासी योगेंद्र को गिरफ्तार किया है। वीरवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
लोहारू पुलिस थाना में मोहित ने शिकायत में बताया था कि 17 मई की रात्रि स्कूटी सवार दो व्यक्ति आए और घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे के अलावा गाड़ी के शीशे तोड़कर नुकसान पहुंचाया। लोहारू पुलिस थाना के उप निरीक्षक सतपाल सिंह ने बताया कि जांच के बाद योगेंद्र को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शिकायतकर्ता के साथ मोबाइल खरीदने पर विवाद हो गया था, जिसके चलते घटना को अंजाम दिया था। पुलिस उसके साथी की तलाश में जुटी है। संवाद