भिवानी। पंचायत भवन से छोटूराम चौक तक की सड़क चकाचक कर दी है, लेकिन चौराहे के समीप मुख्य लाइन लीकेज की समस्या का अभी तक समाधान नहीं हुआ है।
इसकी वजह से नई सड़क के टूटने का खतरा भी बना है। हालांकि सड़क के 400 मीटर दायरे पर तारकोल की नई लेयर डालकर यहां के गड्ढों को दफन कर दिया है। जबकि पंचायत भवन के सामने चंद्रशेखर आजाद चौराहे के पास पानी की मुख्य लाइन लीक है, जिसकी वजह से सप्लाई के दौरान स्वच्छ पानी भी व्यर्थ में बह रहा है।
पहले भी लाइन लीकेज को दुरुस्त कराया गया था, मगर स्थायी समाधान नहीं हो पाया। चौराहे के आसपास भी लीकेज की वजह से सड़क पर गहरे गड्ढे बने हैं, जिस कारण वाहन चालक भी हिचकोले खा रहे हैं। पीडब्ल्यूडी की तरफ से पंचायत भवन के सामने से छोटूराम चौक तक की सड़क पर तारकोल की नई लेयर डालकर उसे रातोंरात तैयार करा दिया है। जबकि महम रोड पर पहले से ही आरसीसी सड़क का निर्माण किया जा चुका है।
स्थानीय दुकानदार मोहन, कर्मबीर, श्यामलाल ने बताया कि चौराहे के पास पानी की मुख्य लाइन लीक है। ये लाइन पुराना जलघर से पंचायत भवन के सामने से छोटूराम चौक क्षेत्र होते हुए नई बस्ती व आसपास के क्षेत्र में पानी की आपूर्ति दी गई है। लेकिन लीकेज के कारण इन इलाकों के टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है, वहीं नई सड़क पर भी लीकेज के कारण फिर से टूटने का खतरा मंडरा रहा है।
पंचायत भवन के समीप लाइन की लीकेज की पहले भी जांच कराई गई है। इस लाइन को फिर से चेक कराया जाएगा। लीकेज की वजह यहां पुराना पाइप है। इसे ठीक कराया जाएगा। इसकी वजह से किसी भी इलाके की पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं है।
-तेजदीन, कनिष्ठ अभियंता, शहरी पेयजल शाखा भिवानी।