भिवानी। शहर के प्रमुख चौकों का नवीनीकरण कार्य अधूरा पड़ा है और इसे पूरा करने के लिए दो बार बढ़ाई गई समय सीमा भी बीत चुकी है। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से चल रहे इस प्रोजेक्ट में महम गेट चौक का काम लगभग पूरा हो चुका है जबकि बाकी चार चौकों पर सालभर बाद भी केवल करीब 60 फीसदी कार्य ही हो पाया है जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर परिषद ने पिछले साल महम गेट चौक, रोहतक गेट चौक, हांसी गेट चौक, बापोड़ा चौक और जिला जेल के पास देवनगर चौक को जीर्णोद्धार के लिए चुना था। इन सभी स्थानों पर पिछले एक वर्ष से काम चल रहा है। कुछ चौकों के लिए छह माह और कुछ के लिए एक वर्ष की समय सीमा तय की गई थी लेकिन निर्धारित अवधि में कार्य पूरा नहीं हो सका।
कार्य में देरी को देखते हुए नगर परिषद ने पहले सितंबर तक और फिर दिसंबर अंत तक समय सीमा बढ़ाकर ठेकेदारों को काम तेज करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद दिसंबर माह बीतने के बाद साढ़े तीन माह गुजर चुके हैं लेकिन नवीनीकरण कार्य अब भी अधूरा है। इससे न केवल शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है बल्कि अधूरे चौकों के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
दिसंबर तक का दिया था अल्टीमेटम
पिछले साल शुरू हुए इस प्रोजेक्ट को पहले सितंबर माह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। तय समय में कार्य पूरा न होने पर नगर परिषद ने दिसंबर तक का अल्टीमेटम दिया था लेकिन इसके बाद भी साढ़े तीन माह बीत जाने पर कार्य पूरा नहीं हो सका। इस कारण संबंधित ठेकेदार पर नगर परिषद द्वारा जुर्माना लगाया जाएगा।
लाइटों व आकृतियों से भव्य लग रहा भगवान परशुराम चौक
महम गेट चौक को आकर्षक बनाने के लिए विशेष लाइटिंग की गई है। चौक पर ऊपर घूमती आकृतियां और मार्बल की सजावट राहगीरों का ध्यान खींच रही हैं। भगवान परशुराम के नाम पर दो फरसे स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही डिवाइडरों के कोनों को मार्बल और ग्रेनाइट से सजाया गया है जिससे चौक की भव्यता और बढ़ गई है।
माल रोड और हांसी रोड पर फुटपाथ नवीनीकरण का कार्य जारी
नगर परिषद शहर के माल रोड को ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में विकसित कर रही है। इसके तहत सराय चौपटा क्षेत्र से घंटाघर रेलवे रोड तक करीब पौना किलोमीटर क्षेत्र में सड़क के दोनों ओर फुटपाथ बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा हांसी रोड पर महाराणा प्रताप चौक से जूई नहर पुलिया तक करीब ढाई किलोमीटर क्षेत्र में नवीनीकरण कार्य जारी है। यहां सड़क के दोनों ओर फुटपाथ का लगभग 50 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है।
शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने के लिए नवीनीकरण कार्य जारी है। जिनमें फुटपाथों से लेकर चौकों का जीर्णोद्धार कार्य चल रहा है। कुछ जगह आकर्षक लाइटें लगाई जा रही हैं तो कुछ जगह आकर्षक फव्वारे लगाए जाएंगे। महम गेट चौक का कार्य पूरा हो चुका है। बाकी चौकों के बचे हुए काम को पूरा करने के लिए दिसंबर तक समय अवधि बढ़ाई गई थी। लेकिन कार्य समय पर पूरा न होने के कारण ठेकेदार पर जुर्माना लगाया जाएगा। -भवानी प्रताप, चेयरपर्सन प्रतिनिधि, नगर परिषद, भिवानी।