भिवानी। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन (संबंधित सर्व कर्मचारी संघ) ने मंगलवार को महम रोड स्थित बड़ चौक पर यूनियन कार्यालय में जिला कार्यकारिणी की बैठक की जिसमें निर्णय लिया गया कि 4 जुलाई को सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी के आवास का घेराव किया जाएगा।
इस दौरान हरियाणा भर से हजारों कर्मचारी भिवानी पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान अनिल बागड़ी ने की, जबकि मंच संचालन जिला सचिव सोमबीर पालुवास ने किया। बैठक में यूनियन नेताओं ने कहा कि सरकार लगातार कर्मचारियों की जायज मांगों की अनदेखी कर रही है। इसी के विरोध में 4 जुलाई को भिवानी में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा और मंत्री आवास का घेराव कर अपनी आवाज बुलंद की जाएगी। नेताओं ने बताया कि प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए सभी कमेटियों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। इस अवसर पर राज्य प्रधान गंगाराम मौन, राज्य महासचिव जरनैल सिंह, राज्य उप महासचिव राजेश धनखड़, राज्य उपप्रधान सूरजभान जटासरा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।