भिवानी। जेजेपी के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि देश में भाजपा को हराने के लिए पूरे विपक्ष को अपने स्वार्थ छोड़कर एक बैनर के नीचे आना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा के 2047 तक सत्ता में रहने के दावे पर कहा कि आपातकाल के समय कांग्रेस भी ऐसे दावे करती थी लेकिन बाद में हालात बदल गए।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अहंकार किसी भी राजनीतिक दल की जड़ों को कमजोर कर देता है।
दिग्विजय चौटाला ने सोमवार को जंतर-मंतर पर होने वाले आंदोलन को लेकर कहा कि दुष्यंत चौटाला के नेतृत्व में जेजेपी सोनम वांगचुक के आह्वान पर संसद घेराव कार्यक्रम में शामिल होगी।
उन्होंने चानौत गांव के आंदोलन पर मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रदेश के राजा नियम बताते रहे और सुपर राजा ने विधानसभा में बदले जाने वाले नियम 15 मिनट में चाय पर ही बदल दिए। जींद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से किए गए दावों पर कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि मैं भी हाइड्रोजन ट्रेन में सफर करना चाहता था लेकिन उसे डीजल इंजन से खींचकर दिल्ली ले जाया गया।
उन्होंने कहा कि जींद जिले के हालात के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है। भाजपा के षड्यंत्र को पूरा करने के लिए जींद में कांग्रेस ने साथ दिया और अपने ही नेताओं को हराने के लिए निर्दलीय उम्मीदवार खड़े किए।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा धारेड़ू, हल्का अध्यक्ष अजमेर मुंढाल, एडवोकेट अवतार सांगवान, राजू पाई, दिग्विजय के प्रेस सचिव राजू मेहरा, राजेश ग्रेवाल, मदन जुसवाला, युवा जिलाध्यक्ष शेटी धनाना और ओमी बापौड़ा मौजूद रहे।
नीट मामले में सरकार से इस्तीफे की मांग
दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर से संसद कूच प्रदर्शन में जननायक जनता पार्टी हजारों कार्यकर्ताओं के साथ शामिल होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी नीट मामले में 21 छात्रों की जिम्मेदारी लेते हुए भाजपा सरकार से इस्तीफे की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि देश में वर्ष 1987 जैसे हालात बनते दिखाई दे रहे हैं।