बवानीखेड़ा। गांव सिपर में 70 वर्षीय बुजुर्ग के साथ मारपीट कर नकदी व मोबाइल छीनने और उन्हें अपमानित करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित महेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार शाम वह अपने ट्यूबवेल का सामान लेने के लिए रतेरा गया था। करीब सवा चार बजे जब वह वापसी में अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी से आ रहा था तो रतेरा गांव के शराब ठेकेदार व उसके साथ 3-4 अन्य व्यक्तियों ने बोलेरो गाड़ी उसकी स्कूटी के आगे रोक दी।
महेंद्र सिंह के अनुसार आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, जातिसूचक शब्द बोले और उसकी पगड़ी उतार दी। उन्होंने अपनी गाड़ी से देशी शराब की पेटी निकालकर उसकी स्कूटी पर रख दी और धमकी दी कि उस पर शराब से जुड़ा मामला दर्ज करवा देंगे। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसकी जेब से 40 हजार रुपये नकद और मोबाइल भी निकाल लिया।
इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश ने बताया कि बुजुर्ग की लिखित शिकायत प्राप्त हो चुकी है और मामले की जांच की जा रही है।