बवानीखेड़ा। नगर पालिका अध्यक्ष सुंदर अत्री ने वार्ड नंबर 13 में निर्माणाधीन गली का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड पार्षद सुभाष चंद्र के साथ गली के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित कार्य की गुणवत्ता को भी देखा।
नगर पालिका अध्यक्ष सुंदर अत्री ने कहा कि शहर में चल रहे विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। प्रत्येक वार्ड में लोगों की आवश्यकताओं के अनुसार विकास कार्य करवाए जा रहे हैं ताकि शहरवासियों को बेहतर सड़क, गली, नाली एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि सरदार वाली चक्की से करण के घर तक की गली मुख्य बाजार से राजकीय विद्यालय को भी जोड़ती है। इससे स्थानीय निवासी और विद्यालय को जाने वाले बच्चों और आम नागरिक को लाभ मिलेगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए और कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। स्थानीय लोगों से भी निवेदन किया कि निर्माण कार्य में अपने स्तर पर सकारात्मक रूप से सहयोग और योगदान दे ताकि कार्य शीघ्र पूर्ण करवाया जा सके।