भिवानी। शहर के पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज के ओपीडी विभाग में स्थित दवा वितरण केंद्र पर मरीजों को दर्द की मरहम, हड्डियों को मजबूत करने के लिए कैल्शियम और आंखों की सफाई के लिए आई ड्रॉप लंबे समय से नहीं मिल रही है। इस कारण मरीजों को मजबूरी में बाहर निजी मेडिकल स्टोरों से दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं।
सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में मरीज सस्ते इलाज की उम्मीद लेकर आते हैं लेकिन यहां चार से पांच घंटे कतार में लगने के बाद जब मरीज दवा वितरण केंद्र पर पहुंचते हैं तो उन्हें बताया जाता है कि संबंधित दवा उपलब्ध नहीं है और बाहर से खरीदनी होगी। इससे मरीज मायूस होकर लौटते हैं और गरीबों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
बुधवार को संवाददाता ने मेडिकल कॉलेज के दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि ओपीडी में सबसे अधिक मरीज हड्डी रोग विशेषज्ञ के पास पहुंच रहे थे। जांच के बाद जब मरीज दवा लेने पहुंचे तो उन्हें कैल्शियम और दर्द की मरहम बाहर से खरीदने के लिए कहा गया।
इसके अलावा प्रशिक्षु दवा का वितरण करते दिखाई दिए। प्रशिक्षुओं ने बताया कि आंखों की कुछ दवा व खांसी की दवा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने बताया कि त्वचा व मनोरोग संबंधी दवा भी नहीं आ रही हैं। इससे मरीजों को आवश्यक दवाएं बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं।
इससे सरकारी अस्पतालों में सस्ते इलाज की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस बारे में कार्यवाहक प्रभारी डॉ. बलवान सिंह ने बताया कि मरीजों को सभी दवाइयां समय से मिल रही हैं। जो एक से दो दवा कम चल रही है वह भी जल्दी ही केंद्र पर पहुंच जाएगी। मरीजों को किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी।