भिवानी। नगर परिषद कार्यालय में शुक्रवार को बुलाई गई हाउस की बैठक अधिकारिक कारणों से स्थगित कर दी गई। अब यह बैठक 30 दिसंबर को साढ़े 12 बजे आयोजित होगी। बैठक का एजेंडा पार्षदों के साथ पहले ही साझा कर दिया गया है।
नगर परिषद की 30 दिसंबर की बैठक में शहर के विकास कार्यों और सुंदरीकरण परियोजनाओं पर चर्चा होगी। बैठक में भीम खेल स्टेडियम में बहुप्रयोजनात्मक खेल भवन के निर्माण का एजेंडा भी शामिल है। इसके अलावा शहर के ऐतिहासिक तालाबों के सुंदरीकरण और नवीनीकरण तथा नगर परिषद सीमा विस्तार के मुद्दों पर विचार-विमर्श होगा।
नगर परिषद के कई लंबित मसौदे भी बैठक में उठाए जाएंगे जिनमें शहर की सफाई, स्ट्रीट लाइटों के ऑटोमेटिक पैनल सिस्टम, मुख्य मार्गों का सुंदरीकरण और बहुविकल्पीय वाहन पार्किंग सुविधा शामिल हैं। साथ ही वार्ड स्तर पर विकास कार्यों के एजेंडे पर भी पार्षद अपने प्रस्ताव पेश करेंगे और सदन में सामूहिक चर्चा होगी।
नगर परिषद वार्ड 18 के पार्षद प्रतिनिधि अनिल कुमार ने बताया कि शुक्रवार को बैठक बुलायी गई थी लेकिन अधिकारी समय पर उपस्थित नहीं हुए। करीब दो घंटे इंतजार के बाद बैठक स्थगित कर दी गई। कार्यकारी अधिकारी राजाराम ने बताया कि अब बैठक 30 दिसंबर को आयोजित की जाएगी और सभी पार्षदों को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है।