अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के चालान कटती नगर परिषद की टीम।
भिवानी। नगर परिषद ने शुक्रवार को सब्जी मंडी क्षेत्र में फुटपाथों पर अतिक्रमण करने वाले 20 दुकानदारों के चालान काटे। इसकी सूचना मिलते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई व्यापारियों ने जुर्माने से बचने के लिए तुरंत अपना सामान समेटकर दुकानों के अंदर रखना शुरू कर दिया। चालान काटते समय कई दुकानदार नगर परिषद टीम से बहस भी करते दिखे लेकिन टीम के सदस्य लगातार कार्रवाई में जुटे रहे। कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा।
शुक्रवार सुबह लगभग 11 बजे रोहतक गेट सब्जी मंडी में पहुंची नगर परिषद टीम ने दुकानों के बाहर फुटपाथ पर फैला सामान देखा तो संबंधित दुकानदारों पर दो-दो हजार रुपये का चालान जारी कर दिया। कुछ दुकानदारों ने आपत्ति जताई मगर टीम ने उन्हें समय पर जुर्माना जमा कराने और आगे दुकान के बाहर सामान न रखने की कड़ी हिदायत दी। नगर परिषद ने बताया कि शहर के विभिन्न बाजारों में फुटपाथ खाली कराने के लिए यह मुहिम रोजाना जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों पर इसी प्रकार कार्रवाई होती रहेगी।