भिवानी के भीम स्टेडियम में अग्निवीर भर्ती रैली के लिए तैयार ग्राउंड।
भिवानी। शहर के सेंट्रल पार्क (हुडा) में दस साल के लंबे इंतजार के बाद फिर फव्वारे शुरू होंगे। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से पार्क के नवीनीकरण पर करीब 70 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। नई मशीनरी, कुर्सियों और लाइटों के साथ पार्क में मरम्मत कार्य भी कराया जाएगा।
सेंट्रल पार्क शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल है। यहां रोजाना सुबह-शाम 1500 से अधिक लोग सैर करने पहुंचते हैं। करीब एक दशक से फव्वारों के बंद होने के कारण पार्क की सुंदरता प्रभावित हो रही थी। बच्चों का भी पार्क में भ्रमण के प्रति आकर्षण कम हो गया था। पुराने फव्वारों की मशीनरी जाम हो चुकी थी और पाइप जंग खा चुके थे। ऐसे में उनकी मरम्मत संभव नहीं थी।
लंबे समय से फव्वारों को दोबारा शुरू करने की मांग उठ रही थी। बीच में कभी-कभार मरम्मत कर इन्हें कुछ दिनों के लिए चलाया गया लेकिन दोबारा खराब होने के कारण बंद हो जाते थे। अब प्राधिकरण ने नए सिरे से फव्वारा सिस्टम स्थापित करने का निर्णय लिया है। आधुनिक मशीनरी लगने के बाद फव्वारे पूरी क्षमता से संचालित होंगे और पानी की मनमोहक व रंग-बिरंगी धाराएं पार्क की सुंदरता बढ़ाएंगी।
पार्क में आगंतुकों के लिए नई और आरामदायक कुर्सियां लगाई गई हैं। शाम के समय रोशनी के लिए आधुनिक एलईडी लाइटें भी लगाई जा रही हैं। इसके अलावा बाहर की क्षतिग्रस्त दीवारों को दुरुस्त किया जाएगा। ओपन जिम और बच्चों के झूलों की मरम्मत के साथ क्षतिग्रस्त पगडंडी को भी ठीक कराया जाएगा।
प्राधिकरण कराएगा 70 लाख के बजट से ये काम
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की ओर से सेंट्रल पार्क के नवीनीकरण के लिए करीब 70 लाख रुपये का बजट रखा गया है। इसमें पार्क की मरम्मत और नए सिरे से फव्वारा सिस्टम का संचालन शामिल है। फव्वारों की नई मशीनरी स्थापित की गई है और पाइप भी दुरुस्त किए गए हैं। आगंतुकों के लिए नई टिकाऊ व आरामदायक कुर्सियां खरीदी गई हैं। ऊर्जा की बचत करने वाली आधुनिक एलईडी लाइटें लगाई जा रही हैं। ओपन जिम, बच्चों के झूलों और क्षतिग्रस्त पगडंडी की भी मरम्मत कराई जाएगी।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का लक्ष्य शहर के सेंट्रल पार्क को सुंदर और सुव्यवस्थित बनाना है। पार्क के नवीनीकरण कार्य का करीब 70 लाख से कार्य आवंटित किया जा चुका है। इसमें फव्वारे नए सिरे से संचालित किए जाएंगे जबकि पार्क में व्यापक स्तर पर मरम्मत का काम भी होगा। जल्द ही यहां भ्रमण करने वालों को यहां का वातावरण भी मन भाएगा। -भूपेंद्र सिंह, कार्यकारी अभियंता, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, हिसार।