भिवानी। भिवानी के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत होने जा रही है। वीटा मिल्क प्लांट के पास स्थित नवनिर्मित पंडित नेकीराम शर्मा मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। डीसी साहिल गुप्ता ने वीरवार को समारोह स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
जिलास्तरीय उद्घाटन कार्यक्रम 17 जुलाई को सुबह 9 बजे आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के साथ करीब 14 हजार 700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसमें भिवानी का नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज भी शामिल है। भिवानी समारोह स्थल पर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया जाएगा।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा समारोह
समारोह को पर्यावरण अनुकूल बनाने की तैयारी की गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने बताया कि हाइड्रोजन ट्रेन के माध्यम से दिए जा रहे प्रदूषण मुक्त परिवहन के संदेश की तर्ज पर भिवानी कार्यक्रम में भी पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जाएगा। समारोह में पहुंचने वाले लोगों के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों और साइकिलों की अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है।
वाटरप्रूफ पंडाल और एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था
मानसून को ध्यान में रखते हुए समारोह स्थल पर वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है। इसमें वीआईपी व्यवस्था के साथ आमजन के बैठने के लिए छह सेक्टर बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के लिए 12 गुना 26 फीट की मुख्य एलईडी स्क्रीन व दर्शकों की सुविधा के लिए दो अतिरिक्त एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी एसडीएम महेश कुमार को नोडल अधिकारी के रूप में दी गई है। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से डिप्टी मेडिकल अधीक्षक डॉ. राजेश कुमार और संगठन की ओर से भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। इस दौरान एसडीएम महेश कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, जीएम रोडवेज दीपक कुंडू और डीआईओ अमित लांबा मौजूद रहे।
समारोह में ये रहेंगे शामिल
समारोह में महिला एवं बाल विकास व सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके अलावा सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, पूर्व राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री जेपी दलाल, भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, जिला अध्यक्ष भाजपा वीरेंद्र कौशिक, शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर धूपड़, हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन मीना परमार और हरियाणा अनुसूचित आयोग के उपाध्यक्ष बिजेंद्र शामिल होंगे।