भिवानी। गांव कायला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चोरों ने कमरे की बाहर से कुंडी लगाकर चौकीदार को बंद कर दिया। इसके बाद कंप्यूटर कक्ष से एलईडी समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। सुबह चौकीदार ने फोन कर क्लर्क को स्कूल बुलाया। इसके बाद कमरे से चौकीदार को बाहर निकाला गया।
पुलिस को दी शिकायत में राजकुमार ने बताया कि वह कायला स्कूल मेें बतौर क्लर्क तैनात है। उन्होंने बताया कि मंगलवार रात चपरासी कम चौकीदार राजकुमार ड्यूटी पर था, लेकिन मौसम खराब के साथ राजकुमार की तबीयत भी खराब थी, इसलिए उसने रात को पूर्व कर्मचारी भीम को बुला लिया था। इसके बाद दोनों रात को कमरे में सो गए। सुबह करीब साढ़े 4 बजे उन्होंने कमरा खोलने का प्रयास किया तो बाहर से कुंडी बंद थी। इसके बाद क्लर्क को बुलाया। क्लर्क ने आकर दरवाजा खोला। इसके बाद जांच में पता चला कि कंप्यूटर कक्ष का ताला टूटा हुआ है। चोर यहां से एलईडी समेत अन्य सामान ले गए। पुलिस ने शिकायत मिलने पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।