हांसी गेट रोड पर बारिश के बीच से गुजरते वाहन।
भिवानी। प्री मानसून की दस्तक के साथ ही गर्मी का पारा उतरने लगा है। लगातार तीन दिन से हो रही बारिश से तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। बुधवार शाम चार बजे के बाद अचानक बारिश शुरू हो गई। करीब घंटे भर तक रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे शहर की सड़कों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। वहीं, बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। खेतों में धान रोपाई के लिए पौध तैयार हो चुकी है। ऐसे में किसानों ने खरीफ की फसल की बिजाई शुरू कर दी है।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 33.7 व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि मानसून आने में अभी एक पखवाड़ा बाकी है, लेकिन लगातार तीन दिनों से दोपहर बाद हो रही बारिश ने लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी है। खरीफ सीजन के दौरान जिले में करीब साढ़े सात लाख एकड़ भूमि पर बिजाई की जाती है। करीब ढाई लाख एकड़ भूमि में किसान कपास बिजाई कर चुके हैं, हालांकि तेज धूप से कई जगह कपास के पौधे मुरझाने लगे थे, अब बारिश से वे भी खिल उठे हैं।
जिले में धान रोपाई की किसान कर रहे तैयारी
जिले में अब धान रोपाई और बिजाई की तैयारी हो चुकी है। रोपाई के लिए किसानों की ओर से धान की नर्सरी तैयार की जा रही है। 25 जून के बाद धान की रोपाई का कार्य शुरू होगा। हालांकि, खेतों की तैयारी में मौसम में बार-बार हो रहा बदलाव बाधा डाल रहा है। धान की पौध लगाने से जहां पानी की तक बचत होती है, वहीं देरी से सिंचाई करने से खरपतवार की समस्या भी कम आती है।
जलभराव ने बढ़ाई मुश्किलें
शहर के निचले इलाकों में बारिश का पानी जमा होने से निचले इलाकों में बारिश के पानी का ठहराव हुआ। हालांकि डिस्पोजल पर लगातार पानी की निकासी का काम जारी रहा। मगर बारिश के दौरान शहर की मुख्य सड़कों पर बरसाती चैनल रुक जाने की वजह से पानी का ठहराव हुआ। जिस कारण वाहन चालकों को भी खासी दिक्कतें झेलनी पड़ी। वहीं बारिश के पानी के ठहराव के कारण नई सड़कों की भी ऊपरी परत उखड़ने लगी।