भिवानी। सीआईए द्वितीय भिवानी ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 लाख रुपये मूल्य की अंग्रेजी शराब और बीयर की खेप बरामद की है। पुलिस ने चंडीगढ़ से गुजरात ले जाए जा रहे एक बंद कंटेनर ट्राला को कब्जे में लेकर उसमें से 480 पेटियां अवैध शराब बरामद कीं। पुलिस ने ट्राला चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
सीआईए द्वितीय के मुख्य सिपाही पवन कुमार की टीम ने बुधवार को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए संदिग्ध कंटेनर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कंटेनर से बीयर की 73 पेटियां, वोडका की 100 पेटियां तथा विभिन्न ब्रांडों की अंग्रेजी शराब की 307 पेटियां बरामद हुईं। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
जांच के दौरान आरोपी शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध लाइसेंस, परमिट या अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद थाना जूई कलां में हरियाणा आबकारी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ट्राला चालक संदीप और उसके साथी जयसिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को वीरवार को न्यायालय में पेश किया जहां से जयसिंह को 7 दिन और संदीप को 2 दिन के रिमांड पर भेजा है।
पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों और अपराध शाखा की टीमों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने आमजन से अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब के भंडारण, बिक्री या तस्करी की सूचना मिले तो इसकी जानकारी तुरंत संबंधित थाना या पुलिस हेल्पलाइन पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।